मेला प्रशासन ने की मौनी अमावस्या स्नान पर्व की तैयारियों की समीक्षा
देर शाम मेला प्रशासन ने मौनी अमावस्या स्नान पर्व की तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान कटान वाले घाटों पर डबल बैरिकेडिंग लगाने और स्नान घाटों को संतों-भक्तों, कल्पवासियों के लिए बेहतर बनाने के लिए कहा गया। पुलिस कमिश्नर रमित शर्मा की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत, कुंभ मेलाधिकारी विजय किरन आनंद, डीएम नवनीत सिंह चहल, प्रभारी माघ मेलाधिकारी दयानंद प्रसाद और अपर मेलाधिकारी विवेक चतुर्वेदी उपस्थित थे।
शहर के लोगों को मिलेगा नया रास्ता नया घाट
मौनी अमावस्या स्नान पर्व पर भीड़ के अनुमान को देखते हुए शहर के लोगों के लिए नया रास्ता और नया स्नान घाट देने की तैयारी है। इसके लिए इस बार बक्शीबांध के पास पार्किंग बनाई जा रही है। मेला एसएसपी डॉ. राजीव नारायण मिश्र के मुताबिक शहर के लोगों को पहली बार नया घाट और नया रास्ता मिलेगा। नागवासुकि से लगी पार्किंग में गाड़ी पार्क करने के बाद श्रद्धालु मौन डुबकी लगाएंगे। ऐसे श्रद्धालु पुल नंबर पांच से मेला क्षेत्र में प्रवेश करेंगे और पुल नंबर छह से निकास होगा।