लखनऊ और फैजाबाद रूट पर जल्दी ही आवागमन आसान होगा। लोक निर्माण विभाग एनएच खंड की ओर से बसना नाले पर बनाए जा रहे नए पुल का काम पूरा हो गया गया। संभावना है कि इसे सितंबर के तीसरे हफ्ते में शुरू किया जाएगा। बसना नाले पर दो लेन का नया पुल बनाने का काम पिछले साल नवंबर में शुरू हुआ था। यह सोरांव से आनंद भवन तक फोरलेन किए जा रहे राजमार्ग का हिस्सा है। फोरलेन बनाए जाने का काम शहर में एमएनएनआईटी तक पूरा कर लिया गया है। उसके आगे का काम जारी है। पीडब्ल्यूडी एनएच खंड मार्ग के चौड़ीकरण का काम कर रहा है। पुल को बसना नाले पर बने पुराने पुल से बिल्कुल बगल जोड़कर बनाया गया है।
इसे बनाने के लिए तीन पिलर डाले गए हैं। नए पुल पर जुलाई में ही स्लैब डाली जा चुकी है। पुल के दोनों ओर रेलिंग बनाने का काम चल रहा है। रेलिंग का काम भी 50 फीसदी से अधिक पूरा कर लिया गया है। बताया जा रहा है कि इसी हफ्ते रेलिंग का काम पूरा कर लिया जाएगा। जबकि, पुल के दोनों तरफ एप्रोच पर काम चल रहा है। उसे पूरा होने में तकरीबन दो हफ्ते लगेंगे। परियोजना का काम देख रहे एनएच खंड के अवर अभियंता आरके मिश्रा ने बताया कि पुल के मुख्य हिस्से का काम पूरा हो चुका है। एप्रोच और रेलिंग पर काम जल्दी ही पूरा कर लिया जाएगा। उसके बाद इस पुल को आवागमन के लिए खोला जाएगा।
इस पुल के बनने से लखनऊ और फैजाबाद रूट पर आने-जाने वालों को राहत मिलेगी और उनका आवागमन आसान होगा। क्योंकि, अभी बसना नाले पर बने पुराने पुल से ही आवागमन हो रहा है। यह पुल दो लेन का है। लेकिन, इस रूट पर वाहनों का आवागमन अधिक होने से आए दिन ट्रैफिक प्रभावित रहता है। नया पुल भी दो लेन का बनाया गया है। दोनों पुल चलने से एक से गाड़ियों का आना होगा और दूसरे से जाना। इससे जाम की समस्या से भी निजात मिलेगी।