ललिता देवी मंदिर में देवी को सूखा मेवा चढ़ाने के लिए नोटिस चस्पा किया गया।
- फोटो : अमर उजाला।
तिरुपति बालाजी मंदिर के प्रसाद में मिलावट के बाद संगमनगरी प्रयागराज के प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां ललिता देवी मंदिर में बाहरी प्रसाद के चढ़ावे पर रोक लगा दी गई है। मां ललिता देवी मंदिर में पोस्टर चस्पा करके भक्तों से आग्रह किया गया है कि नवरात्रि में वह सिर्फ मेवा, फल और फूल ही प्रसाद स्वरूप चढ़ाएं, बाहरी दुकान से खरीदे हुए प्रसाद को न चढ़ाया जाए।
मंदिर के पिलर और मुख्य द्वार पर लगाए गए पोस्टर में बाहरी प्रसाद को न चढ़ाने का आग्रह भक्तों से किया गया है। मंदिर के मुख्य पुजारी शिव मूरत मिश्रा और प्रबंधन से जुडे़ हरि मोहन वर्मा ने बताया कि शुद्धता को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। मंदिर आने वाले भक्तों से बाहरी प्रसाद न चढ़ाने का आग्रह किया गया है। मंदिर प्रबंधन के फैसले का असर भी दिखाई देने लगा है। यहां आने वाले भक्त मेवा, फल और फूल ही चढ़ाने के लिए आ रहें हैं।