सरायइनायत थाना क्षेत्र के अंदावा इलाके में एक कॉलेज में रविवार को अपने बेटे को नीट की परीक्षा दिलाने आए अधेड़ को जहरखुरानों ने नाश्ते में नशीला पदार्थ मिलाकर बेहोश कर लूट लिया। देर रात में होश में आने पर उसने परिजनों को फोन कर घटना बताई तो वे सन्न रह गए। परिजनों ने अधेड़ को हनुमानगंज के एक अस्पताल में भर्ती कराया है।
कस्तूरीपुर,कंधई, प्रतापगढ़ निवासी राजेश कुमार वर्मा रविवार को अंदावा स्थित एक कॉलेज में अपने बेटे को नीट की परीक्षा दिलाने आया था। तकरीबन ग्यारह बजे बेटे को कॉलेज के अंदर छोड़कर वह बाहर बैठा था। तभी उसके पास एक अपरचित व्यक्ति जिसकी उम्र तकरीबन 40 से 45 के बीच थी आया और राजेश से बातचीत करने लगा। राजेश ने सोचा कि वह भी किसी को परीक्षा दिलाने आया होगा।
बातचीत के दौरान राजेश ने उससे नाश्ते की दुकान पूछी तो वह राजेश को उसी की बाइक से हनुमानगंज के रामनाथपुर रेलवे क्रासिंग के पास ले गया। दोनों एक दुकान पर नाश्ता करने लगे। इसी बीच नजर बचाकर शातिर जहरखुरान ने राजेश के नाश्ते में कोई नशीला पदार्थ मिला दिया। नाश्ता करने के बाद जब राजेश को नशा होने लगा तो वह उसे उसकी बाइक से हंडिया क्षेत्र में एक सूनसान स्थान पर ले गया। वहां पर राजेश का पर्स छीनकर बेहोशी की हालत में छोड़कर जहरखुरान उसकी बाइक लेकर फरार हो गया।
पर्स में नगदी, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड, ड्राविंग लाइसेंस व अन्य जरूरी कागजात थे। राजेश काफी देर तक बेहोशी की हालत में पड़ा रहा। रात करीब दस बजे उसे होश आया तो उसने फोन कर प्रयागराज के अपने परिजनों को बुलाया। परिजनों ने उसे हनुमानगंज स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया है। सोमवार को ठीक होने के बाद भुक्तभोगी रिपोर्ट लिखाने सरायइनायत थाने गया तथा पुलिस को तहरीर दी। आरोप है कि थाने से उसे हंडिया का मामला बताकर भगा दिया गया।