The girl was stabbed with a dupatta in the field itself
खेत में ही मारा गया था युवती को, दुपट्टे में ताजी घास मिली
चप्पल भी उतरी थी, संभवत: गला दबाने से पहले जहर दिया गया था
कोखराज से गोपीगंज तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाले
प्रयागराज। उतरांव में हंडिया कोखराज हाईवे पर युवती की हत्या में सनसनीखेज खुलासा हुआ है। कातिलों ने उसकी हत्या खेत में ही की थी। उसके दुपट्टे में वहीं की ताजी घास मिली है। उसका चप्पल भी उतरा हुआ था। साफ है कि कातिलों ने वहीं मारकर फेंक दिया। एक बात और साफ हुई है कि कातिल उस इलाके से अच्छी तरह से वाकिफ थे। इससे पहले पुलिस मानकर चल रही थी कि उसे कहीं और मारकर यहां फेंका गया है। गुरुवार को शिनाख्त के काफी प्रयास किए गए लेकिन पहचान नहीं हो पाई।
हंडिया कोखराज हाईवे पर उतरांव के समोधीपुर पयागीपुर हाईवे के पास खेत में बुधवार की सुबह एक युवती (20) की लाश मिली थी। उसके दोनों हाथ बंधे हुए थे। मुंह से झाग और खून निकल रहा था। प्रथम दृष्टया में यही लग रहा था कि युवती की हत्या कहीं और करके, शव हाईवे के बगल खेत में फेंक दिया हो। जांच की गई तो पता चला कि युवती की हत्या वहीं खेत में ही की गई है। दरअसल जिस दुपट्टे से उसका गला कसा गया था, उसरे अंदर ताजी घास मिली है। उसका चप्पल भी उतरा हुआ था। शव खेत में जिस जगह मिला है, वह हाईवे से सीधा रास्ता नहीं है। हाईवे से उतरकर सर्विस लेन के करीब 100 मीटर दूर पर लड़की की लाश पड़ी हुई थी। इससे साफ है कि कातिलों को हाईवे, सर्विस लेन का रास्ता आदि सारी जानकारी थी। एसपी गंगापार एनके सिंह ने बताया कि लड़की की शिनाख्त के काफी प्रयास किए गए लेकिन गुरुवार को भी कोई उसे पहचानने वाला नहीं आया। कोखराज से हंडिया तक रास्ते में जितने टोल है, जितने ढाबे और हास्पिटल हैं, सभी जगह की सीसीटीवी फुटेज निकाली गई है लेकिन कहीं से कोई सुराग नहीं मिला है। यूपी पुलिस के फेसबुक पेज और ट्विटर पर भी लड़की की फोटो और तमाम जानकारी शेयर की गई है। आस पास के जिलों के थानों को सूचना भी दी गई है और लापता लड़कियों के बारे में डीटेल्स मांगी गई है।