The father who went to settle the fight of the son, killed him
कोंहड़ार के शाहपुर गांव में बेटे का झगड़ा सुलझाने गए पिता की जान चली गई। बेटे का एक युवक से मुर्गा खरीदने को लेकर विवाद हो गया था। पिता अपने बेटे को लेकर घर लौट रहा था, तभी पीछे से आरोपी युवक ने ईंट से सिर पर वार कर दिया। घायल ग्रामीण को उसके घरवाले अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
कोंहड़ार के शाहपुर गांव में अर्जुन निषाद रविवार देर शाम गांव के तिराहे पर मुर्गा खरीदने एक दुकान पर गया था। वहां पर पहले से गांव का पप्पू निषाद खड़ा था। बताया जाता है कि मुर्गा पहले लेने के चक्कर में अर्जुन और पप्पू के बीच में पहले वाद-विवाद हुआ, फिर मारपीट हो गई।
इसी बीच अर्जुन के पिता रामआसरे निषाद (55) ने मौके पर पहुंच विवाद शांत करा दिया और अर्जुन को अपने साथ लेकर घर के लिए चल दिए। मौका पाकर पप्पू ने पीछे से रामआसरे के सिर में एक ईंट से वार कर दिया, जिससे रामआसरे लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए। ग्रामीण रामआसरे को शहर के अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर सोमवार को एसपी यमुनापार, सीओ मौके पर पहुंचे और घटना की बाबत पूछताछ की। मेजा थाने के कोतवाल राकेश कुमार चौरसिया ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है।