देश भर के मेडिकल कॉलेजों में प्रवेश के लिए एनटीए (नेशनल टेस्टिंग एजेंसी) की ओर से घोषित नीट ( नेशनल एलिजिबिलिटी कम इंट्रेंस टेस्ट्र) में शहर की बेटी अपर्णा पांडेय ने कुल 720 अंक में 685 अंक के साथ 99.9649583 परसेंटाइल के साथ सफलता हासिल की है।
मेधावी छात्रा अपर्णा ने ऑल इंडिया 397 रैंक लेकर संगम नगरी के खाते में बड़ी उपलब्धि दी है। अपर्णा भोपाल ऑल इंडिया मेडिकल इंस्टीट्यूट(एम्स) अथवा किसी दूसरे एम्स में प्रवेश लेकर एमबीबीएस करना चाहती हैं। अपर्णा सफल डॉक्टर बनने बाद आईएएस बनना चाहती है।
आईपीएस पिता अजय शंकर पांडेय एवं माता संगीता पांडेय की पुत्री अपर्णा ने शहर के जगत तारन गोल्डेन जुबली स्कूल से 2019 में बारहवीं की परीक्षा पास की। अपर्णा के पिता अजय शंकर पांडेय भदोही जिले के जंगीगंज के मूल निवासी हैं। अपर्णा ने बताया कि इलाहाबाद के जार्जटाउन मुहल्ले के तलवार अपार्टमेंट में अपनी मां संगीता पांडेय के साथ रहकर बारहवीं तक की पढ़ाई जगत तारन गोल्डेन जुबली स्कूल से की। अपर्णा की दो बहनें बीआईटी मेसरा रांची एवं एचबीटीआई कानपुर से बीटेक करने के बाद तैयारी कर रही हैं। पिता अजय शंकर पांडेय इन दिनों बिहार के राजगीर में पुलिस अधीक्षक के पद पर तैनात हैं।
अपर्णा ने बताया कि उन्होंने 11 वीं और बारहवीं की पढ़ाई के दौरान जार्जटाउन के एपेक्स इंस्टीट्यूट के एमके गुप्ता एवं जेपी त्रिपाठी के मार्गदर्शन में पढ़ाई की।
मेडिकल प्रवेश परीक्षा इन छात्रों ने पाई सफलता
मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी कराने वाली जार्जटाउन स्थित एपेक्स इंस्टीट्यूट के एमके गुप्ता ने बताया कि उनके संस्थान से गणेश केशरी, मो. तौसीफ, प्रशांत कुमार केसरवानी, सृष्टि मिश्रा, श्रीकांत द्विवेदी, फराह, गंगाधर सिंह, मोनिका पटेल, राजकमल बिंद, आदर्श राव, देवेश चंद्र, राहुल कुमार गौतम, शिवानी सहित 110 छात्रों को नीट में सफलता मिली है।