सभास्थल पर बीच बीच में होता रहा शोरगुल
योगी के आने के पहले भी भीड़ में रह-रहकर विवाद होता रहा। शोरगुल के कारण मंच पर मौजूद नेताओं के द्वारा कई बार टोका गया और शांति बनाए रखने की अपील की जाती रही। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को करीब एक बजे सभास्थल पर आना था, लेकिन वह 1.22 बजे मंच पर पहुंचे। योगी के पहुंचने के बाद मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी, समाज कल्याण मंत्री असीम अरुण, केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग राज्य मंत्री सोम प्रकाश ने अपना वक्तव्य दिया। इसके बाद सीधे मुख्यमंत्री को बोलने के लिए आमंत्रित किया गया।
बार-बार प्रतीक चिन्ह देने पर नाराज दिखे सीएम
सीएम योगी के मंच पर आने के बाद स्वागत का सिलसिला शुरू हो गया। विभिन्न नेताओं की ओर से शॉल, स्मृति चिन्ह प्रदान किया जा रहा था। इसके बाद विशाल पुष्पमाला पहनाई गई। मुख्यमंत्री जब कुर्सी पर बैठ गए तो कुछ अधिकारी और नेता फिर कोई स्मृति चिन्ह लेकर पहुंच गए। इस पर सीएम नाराज होते दिखे। हालांकि उन्होंने स्मृति चिन्ह उठकर स्वीकार किया, लेकिन चेहरे का हावभाव बदल गया था।