उत्तर प्रदेश सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा-2013 के तहत अवर अभियंता के 3222 पदों पर भर्ती के लिए अभ्यर्थियों ने सोमवार को उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) में प्रदर्शन किया। अभ्यर्थी आयोग के अध्यक्ष या किसी भी अफसर से वार्ता करना चाहते थे, लेकिन उनकी मुलाकात नहीं हो सकी और अभ्यर्थियों को हताश होकर लौटना पड़ा।
यूपीपीएससी ने हाल ही में सम्मिलित राज्य अभियंत्रण सेवा परीक्षा-2013 के तहत सहायक अभियंता के 819 पदों पर भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का परिणाम घोषित किया है और इंटरव्यू का कार्यक्रम भी जारी कर दिया है, लेकिन जेई के 3222 पदों पर भर्ती के लिए हुई परीक्षा का परिणाम अब तक फंसा हुआ है। जेई के पदों पर भर्ती के लिए परीक्षा वर्ष 2016 में 22 एवं 23 मई को आयोजित की गई थी। हालांकि, पिछले साल अभ्यर्थियों और अफसरों के बीच हुई वार्ता में यह आश्वासन दिया गया था कि मार्च तक परिणाम घोषित कर दिया जाएगा, लेकिन आयोग में इस परीक्षा की कॉपियां जांचने का काम अब भी जारी है।
ऐसे में अभ्यर्थियों को परिणाम समय से घोषित होने पर संदेह है। इसी वजह से सोमवार को अभ्यर्थी आयोग पहुंचे। आयोग के ज्यादातर अफसर लखनऊ में आरओ-एआरओ मुख्य परीक्षा करा रहे हैं, सो वहां कोई नहीं मिला। सचिव भी आयोग में नहीं थे। अभ्यर्थियों ने आयोग कार्यालय में अपना ज्ञापन सौंपा और मांग की कि परिणाम शीघ्र घोषित किया जाए। हालांकि वहां अभ्यर्थियों की अनुसचिव से फोन पर वार्ता कराई गई। अभ्यर्थियों का कहना है कि अनुसचिव अब कह रहे हैं कि परिणाम आने में तीन से चार माह लगेंगे। परीक्षा परिणाम को लेकर अभ्यर्थियों ने अपना आंदोलन तेज करने का निर्णय लिया है।