कर्मचारी चयन आयोग ने शुक्रवार को मल्टी टास्किंग स्टाफ-नॉन टेक्निकल (एमटीएस) 2020 के पेपर-वन का परिणाम घोषित कर दिया है। इस परीक्षा में अनारक्षित 18480, ओबीसी 11600, ईडब्ल्यूएस के 3070, एससी 3590, एसटी श्रेणी के 2980 समेत कुल 44680 अभ्यर्थियों को पेपर-टू के लिए सफल घोषित किया गया है। द्वितीय प्रश्न पत्र का कार्यक्रम आयोग की वेबसाइट पर जारी कर दिया गया है।
पेपर वन परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को द्वितीय प्रश्नपत्र की परीक्षा में शामिल होने के लिए प्रवेश पत्र संबंधित क्षेत्रीय कार्यालयों की वेबसाइट पर परीक्षा से एक सप्ताह पहले अपलोड कर दिए जाएंगे।
आयोग का कहना है कि उत्तर कुंजी के संबंध में छात्रों की ओर से मिले प्रत्यावेदन का परीक्षण करने के बाद संशोधन के बाद ही पेपर वन का परिणाम घोषित किया गया है। अंतिम उत्तर कुंजी 14 मार्च को आयोग की वेबसाइट पर अपलोड की जाएगी। सफल और असफल अभ्यर्थियों के अंक भी 14 मार्च से 13 अप्रैल तक वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे। अभ्यर्थी अपने पंजीकरण नंबर और पासवर्ड से अंकपत्र देख सकेंगे।