प्रयागराज। जार्जटाउन में किराना दुकानदार सुरेश गुप्ता(55) की संदिग्ध हाल में ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना कुंदन गेस्ट हाउस के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर हुई। पुलिस उसे खुदकुशी जबकि घरवाले हादसा बता रहे हैं। पोस्टमार्टम के बाद परिजनों ने शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
मृतक जार्जटाउन के एलआईसी कॉलोनी में रहता था और घर में ही किराना की दुकान चलाता था। परिवार में पत्नी के अलावा एक बेटा व बेटी हैं। सोमवार रात कुंदन गेस्ट हाउस के पास स्थित रेलवे क्रॉसिंग पर ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची जार्जटाउन थाने की पुलिस ने परिजनों को सूचित किया। पुलिस का कहना है कि उसने खुदकुशी की। लेकिन मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं बरामद हुआ। जार्जटाउन इंस्पेक्टर महेश सिंह ने बताया कि घरवाले बता रहे हैं कि वह पटरी पार करते समय हादसे का शिकार हुए।