सेंट जोसफ कॉलेज में मंगलवार का दिन कुछ विशेष रहा, विद्यालय की वरिष्ठ शिक्षिका एवं बच्चों के बीच ममतामयी मां के रूप में चर्चित ग्लोरिया फ्रेंच ने 37 वर्ष की लंबी सेवा के बाद अवकाश ग्रहण किया। विद्यालय परिवार की ओर से उन्हें विदाई दी गई।
प्रधानाचार्य फादर रॉल्फी डिसूजा ने स्मृति चिह्न भेंटकर मिस फ्रेंच का सम्मान किया। इस मौके पर विद्यालय के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने भी उन्हे फूल एवं कार्ड देकर उनके प्रति अपना आदर एवं सम्मान प्रकट किया। विद्यालय के सीनियर छात्रों ने भी मार्च पास्ट एवं सलामी दी। अपने विदाई के मौके पर मिस फ्रेंच ने सभी के प्रति अपना आभार प्रकट किया, उन्होंने कहा कि मैं आप सभी के और बच्चों के प्यार, स्नेह और सम्मान को कभी भूल नहीं सकती। मैंने भी इस विद्यालय से बहुत कुछ सीखा और साथ ही साथ सिखाया है। अंत में राघव ओम ने धन्यवाद ज्ञापित किया। इस मौके पर प्रधानाचार्य फादर रॉल्फी डिसूजा, उप प्रधानाचार्य फादर सगाइनाथन, मगावन, ज्योति दूबे एवं शिक्षकों के साथ छात्र मौजूद रहे।