क्षेत्र के भीरपुर पुलिस चौकी अंतर्गत ककरम गांव में मंगलवार की रात करीब पौने आठ बजे एक किराना दुकानदार को अज्ञात लोगों ने गोली मार दी। गोली दुकानदार के सिर में लगी है। उसे गंभीरावस्था में एसआरएन अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से गांव में दहशत का माहौल है।
ककमर गांव निवासी उमाकांत पांडेय (47) पुत्र विक्रमादित्य पांडेय घर पर ही किराने की दुकान चलाते हैं। साथ में खेती किसानी का भी काम करते हैं। घरवालों ने बताया कि मंगलवार की शाम को करीब साढ़े सात बजे उमाकांत पांडेय अपनी किराने की दुकान से उठकर गांव के ही दूसरे दुकान बच्चा बनिया की दुकान की तरफ गए थे। वहां बच्चा की दुकान के सामने एक चारपाई पड़ी थी। उमाकांत उसी में लेट गए। उस वक्त बिजली नहीं थी। अंधेरा हो गया था, उसी दौरान एक व्यक्ति उनके सिर की तरफ पैदल आया और सिर में ही गोली मारकर अंधेरे में भाग गया। गोली चलने और उमाकांत पांडेय के चीखने की तो लोगों ने आवाज सुनी लेकिन गोली मारने वाले को ठीक ढंग से देख नहीं पाए। फायरिंग की आवाज सुनकर बच्चा की दुकान पर मौजूद लोग दौड़कर पहुंचे तो देखा कि उमाकांत खून से लतपथ पड़े थे।
पता चलने पर परिवार के लोग भी पहुंचे और उन्हें लाद फांदकर नजदीकी अस्पताल ले गए। जहां से एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। एसआरएन अस्पताल लेकर पहुंचे तो वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया।पता चलने पर एसपी यमुनापार दीपेंद्र नाथ चौधरी, सीओ करछना सच्चिदानंद एवं इलाकाई पुलिस के अलावा अन्य थानों की फोर्स पहुंच गई। घंटों माथापच्ची हुई लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि गोली क्यों और किसने मारी। खबर लिखे जाने तक घरवालों ने तहरीर नहीं दी थी। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
............................................ .....
शादी की चल रही थी तैयारियां, कोहराम
मृतक दुकानदार का एक बेटा अनिरुद्ध पांडेय है जो मुंबई में रहता है। दो बेटियां हैं, जिनमें बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है। छोटी बेटी की शादी तय है। मई में उसकी बारात आने वाली थी। दुकानदार की हत्या से परिवार में कोहराम मच गया। जहां बेटी की शादी की तैयारी हो रही थी, वहां मातमी चीखें उठने लगीं।
बारात में हुआ था विवाद
मामले में एसपी यमुनापार दीपेंद्रनाथ चौधरी ने बताया कि प्रारंभिक जांच पड़ताल में यह बात सामने आई है कि दो दिन पहले पड़ोस के ही गांव हनुमानपुर में मृतक किसी शादी समारोह में शामिल होने गया था। वहां किसी बात को लेकर उसका कुछ लोगों से विवाद हुआ था। फिलहाल इसी विवाद के बाबत जानकारी मिल सकी है। तहरीर मिलने का इंतजार किया जा रहा है। तभी कुछ स्पष्ट कहा जा सकता है।