रामदल का उत्सव सोमवार को सिविल लाइंस में रहा। सिविल लाइंस रामलीला समिति एवं सिविल लाइंस व्यापार मंडल की ओर से आकर्षक चौकियों संग रामदल निकाला गया तो दल देखने और मेले का आनंद लेने लोग उमड़े। हाईकोर्ट हनुमान मंदिर से लेकर सिविल लाइंस हनुमान मंदिर और पूरा सरदार पटेल मार्ग बिजली की झालरों से सजा, जगमगाता रहा। हाईकोर्ट हनुमान मंदिर के पास नगर आयुक्त अविनाश सिंह ने आरती पूजन करके दल को रवाना किया। दल सुभाष चौराहे पर पहुंचकर बायीं ओर मुड़कर यात्रिक चौराहे से आगे विवेकानंद मूर्तिस्थल तक जाकर विसर्जित हो गया। दल में गंगा, स्वच्छता, सहित रामकथा के विविध प्रसंगों पर आधारित आधा दर्जन कलात्मक चौकियां लुभाती रहीं।
वहीं सुभाष चौराहे पर मंडलायुक्त आशीष गोयल, एसएसपी नितिन तिवारी, विधायक हर्षवर्धन आदि ने मेले का परंपरागत उद्घाटन किया। सुभाष चौराहा सहित पूरे मेला क्षेत्र में कई जगह मंच बनाकर मेला और चौकियों को नियंत्रित किया जाता रहा। दल में शामिल सर्वश्रेष्ठ चौकियों को सम्मानित भी किया गया। दल में समिति के अध्यक्ष विनोद चंद्र दुबे, महामंत्री शिवशंकर सिंह, चेयरमैन सुशील खरबंदा, कार्यवाहक अध्यक्ष सतीश अरोरा. सरदार जोगिंदर सिंह, इंदर मध्यान, बलवीर कोहली, संजीव अग्रवाल, रघुनाथ द्विवेदी, निशांत गांधी, जगदीश गुलाटी, विदुप अग्रहरि, विशाल कनौजिया, आनंद दुबे, अनिल कात्याल सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी शामिल थे।
सिविल लाइंस के रामदल के दौरान पूरा सिविल लाइंस मेले में तब्दील रहा। हाईकोर्ट हनुमान मंदिर, पुरानी जीजीआईसी, पैलेस सिनेमा, मैक्स, सुभाष चौराहे सहित सड़क के दोनों ओर मेला सजा। बच्चों के लिए तरह-तरह के झूले, बाउंसी, पटरियों पर दौड़ती ट्रेन सहित दोनों ओर खाने-पीने की दुकानें सजीं, जहां लोगों ने मनपसंद चीजें खरीदीं और खाईं।