prayagraj news: Rajju Bhaiya State University Prayagraj
- फोटो : prayagraj
प्रोफेसर राजेंद्र सिंह (रज्जू भइया) राज्य विश्वविद्यालय की परीक्षा 15 जुलाई से शुरू होने जा रही है। इसके लिए प्रयागराज, फतेहपुर, कौशांबी और प्रतापगढ़ में 471 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। कुलपति प्रो. अखिलेश कुमार सिंह ने केंद्र निर्धारण पर अंतिम मुहर लगा दी है। पिछले साल के मुकाबले इस बार परीक्षा केंद्रों की संख्या अधिक है। परीक्षा 29 जुलाई तक पूरी करा ली जाएगी।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने कोविड को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया है। वार्षिक परीक्षा के लिए लिए बनाए गए कुल 341 केंद्रों में प्रयागराज के सर्वाधिक 170, प्रतापगढ़ के 88, फतेहपुर के 48 और कौशांबी के 35 केंद्र शामिल हैं। वहीं, सेमेस्टर परीक्षा के लिए प्रयागराज में 80, प्रतापगढ़ में 45, फतेहपुर में 20 और कौशांबी में केवल 10 केंद्र बनाए गए हैं।
पिछले वर्ष 298 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे, लेकिन इस बार 471 केंद्रों में परीक्षा कराई जाएगी, जबकि कोविड के कारण इस बार राज्य विश्वविद्यालय एवं संघटक महाविद्यालयों के स्नातक प्रथम वर्ष के तकरीबन एक लाख 26 हजार और परास्नातक के 35 हजार छात्रों को बिना परीक्षा प्रमोट करने का निर्णय लिया गया है। स्नातक द्वितीय वर्ष के एक लाख 20 हजार और तृतीय वर्ष के एक लाख 11 हजार छात्रों के साथ परास्नातक के 35 हजार छात्रों की परीक्षा होगी।
डेढ़ घंटे की होगी परीक्षा
स्नातक की परीक्षा प्रणाली का भी सरलीकरण किया गया है। स्नातक वार्षिक पद्धति के पुराने पाठ्यक्रम एवं नए पाठ्यक्रम के छात्रों के लिए समान प्रश्न पत्र होगा। पर्यावरण प्रश्न पत्र की परीक्षा पूर्व की भांति ही होगी। परीक्षा की समयावधि तीन के बजाय डेढ़ घंटे की होगी। एक विषय के सभी प्रश्न पत्रों को न्यूनतम दो एवं अधिकतम तीन प्रश्न पत्र की सीमा तक सम्मिलित करते हुए एक ही प्रश्न पत्र तैयार कराया जाएगा। जो लघु उत्तरीय प्रश्न पत्र होगा। परास्नातक की परीक्षा भी तीन घंटे की जगह डेढ़ घंटे की होगी। प्रश्नपत्रों की संख्या भी आधी कर दी गई है। प्रथम खंड में आठ के बजाय चार और द्वितीय खंड में दो के बजाय एक और तृतीय खंड से दो प्रश्नों के बजाय एक ही प्रश्न का उत्तर देना होगा।