यार्ड में इंटरलॉकिंग की वजह से रोकी जाएंगी ट्रेनें
कानपुर के जूही यार्ड रिमॉडलिंग की वजह से 11, 12 और 13 अप्रैल को बाधित रहेगा दिल्ली-हावड़ा रूट
अमर उजाला ब्यूरो
प्रयागराज। प्रयागराज मंडल के दिल्ली-हावड़ा रूट पर स्थित जूही यार्ड में रूट रिले इंटरलॉकिंग और इलेक्ट्रानिक इंटरलॉकिंग की वजह से 11 से 13 अप्रैल तक ट्रेन संचालन बाधित रहेगा। इस दौरान संबंधित रूट की कुछ ट्रेनों को निरस्त किया गया है तो कुछ का रेग्यूलेशन (एक ही स्थान पर रोक देना) किया गया है। इसके अलावा 10 से 12 अप्रैल तक 12987 सियालदाह-अजमेर एक्सप्रेस का रेलवे ने रूट भी बदल दिया गया है। संबंधित तिथि में यह ट्रेन प्रयागराज जंक्शन की बजाय प्रयागराज छिवकी के रास्ते चलेगी।
इंटरलॉकिंग के दौरान 11 से 13 मार्च की अवधि में 16 ट्रेनों को रेग्यूलेशन अलग-अलग तिथि में किया गया है। इस दौरान डेढ़ घंटे से दो घंटे तक संबंधित रूट की ट्रेनें प्रयागराज-कानपुर, टूंडला-पनकी धाम, कानपुर-लखनऊ के बीच के स्टेशनों पर खड़ी की जाएंगी। उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ डॉ. शिवम शर्मा के अनुसार प्रयागराज जंक्शन से होकर गुजरने वाली 12311 कालका मेल, 18310 जम्मूतवी-संबलपुर, 12816 आनंद विहार-पुरी, 15483 महानंदा, 12488 सीमांचल एक्सप्रेस, 12826 आनंद विहार-रांची, 12312 कालका-हावड़ा, 12506 नार्थ ईस्ट एक्सप्रेस दो-दो घंटे, 12311 हावड़ा कालका ढाई घंटे, 22307 हावड़ा-बीकानेर, 12307 हावड़ा-जोधपुर 110-110 मिनट, 15484 महानंदा एक्सप्रेस 130 मिनट तक अलग-अलग तिथियों में रोकी जाएगी।
------------------------
इंटरलॉकिंग हो जाने के बाद और बेहतर हो जाएगा रेल संचालन
प्रयागराज। प्रयागराज मंडल के सबसे बड़े जूही यार्ड में इंटरलॉकिंग हो जाने के बाद दिल्ली-हावड़ा रूट पर ट्रेनों का संचालन और बेहतर हो जाएगा। यह पूरा प्रोजेक्ट रेलवे के ‘मिशन रफ्तार’ के तहत ही हो रहा है। इसके लिए एनसीआर मुख्यालय के सिग्नलिंग विभाग के सीनियर अफसर नीरज यादव मौके पर पहुंचे हैं। जोन के सीपीआरओ डॉ. शिवम शर्मा के अनुसार जूही ए और बी केबिनों के पुराने लीवर फ्रेम को इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग द्वारा बदला जा रहा है। ये लीवर फ्रेम 90 साल से अधिक पुराने हैं। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को एक यातायात ब्लॉक के दौरान 6 प्वाइंट्स पर प्वाइंट मशीन उपलब्ध कराकर यांत्रिक व्यवस्था को हटाया गया। अब 13 अप्रैल को को ए और बी केबिनों की नॉन-इंटरलॉकिंग ली जाएगी। जूही ए केबिन में 304 रूटों के साथ 59 पॉइंट मशीन, 42 मुख्य सिग्नल और 12 शंट सिग्नल के साथ एक नई इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग स्थापित होगी।