इलाके के सोनाई गांव में एक बुजुर्ग महिला की हुई मौत के मामले में हत्या का आरोप लगा तो अंतिम संस्कार के लिए चिता पर रखी गई लाश को पुलिस थाने उठा लाई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में जांच-पड़ताल में जुटी हुई है।
सोनाई गांव लाची पटेल (80) बेटी और नाती पृथ्वीराज के साथ रहती थी। मंगलवार शाम को बेटी और नाती कहीं गए थे। रात में लाची पटेल की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। सुबह बेटी को जानकारी हुई तो वह पुलिस को सूचना देते हुए हत्या का आरोप लगाया। इस बीच पड़ोस के लोगों ने लाश को गंगा घाट पर ले जाकर अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए। चिता पर लाश रखी जा चुकी थी तभी मौके पर मेजा पुलिस पहुंच अंतिम संस्कार करने से रोक दिया।
पुलिस ने लाची पटेल की लाश थाने लाई फिर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मेजा के प्रभारी थानाध्यक्ष पंकज त्रिपाठी ने बताया कि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी। बता दें कि मृतक महिला को तीन बेटियां हैं। पति की मौत के बाद से जमीन का विवाद बेटियों में चला रहा है।