प्रयागराज जिले की 12 विधानसभा सीटों में इस बार सात सीट भाजपा और अन्य पांच सीट उसके सहयोगी अपना दल एस और निषाद पार्टी को दी गई है। भाजपा ने अभी सात में से छह सीटों के उम्मीदवारों की घोषणा ही की है। इसमें शहर पश्चिम से पार्टी प्रत्याशी सिद्धार्थ नाथ सिंह द्वारा नामांकन भी किया जा चुका है। जबकि अन्य सभी पांच प्रत्याशी सोमवार सात फरवरी को अपना पर्चा दाखिल करेंगे।
शहर उत्तरी को लेकर यूं तो पार्टी में वर्तमान विधायक हर्ष वर्धन बाजपेयी, कविता यादव त्रिपाठी, डा. एलएस ओझा, डा. कीर्तिका अग्रवाल, कुंज बिहारी मिश्र, मृत्युंजय तिवारी, विक्रमाजीत सिंह भदौरिया, विजय द्विवेदी, राजेंद्र मिश्र, डा. शैलेश पांडेय आदि का नाम संभावित प्रत्याशी के रूप में चल रहा है। इसमें से कुछ के समर्थक यह मान कर चल रहे हैं कि उनके नेता का टिकट फाइनल हो गया है।
कुछ को सोशल मीडिया के माध्यम से भी लगातार बधाई दी जा रही है। हालांकि पार्टी द्वारा शनिवार को भी प्रत्याशी का नाम घोषित न किए जाने की वजह से सभी की जुबां पर एक ही सवाल है कि आखिर इस सीट से उम्मीदवार कौन होगा? भाजप महानगर अध्यक्ष गणेश केसरवानी का कहना है कि टिकट की घोषणा राष्ट्रीय नेतृत्व द्वारा की जानी है। उम्मीद है कि रविवार को प्रत्याशी के नाम की घोषणा हो जाएगी।