Prayagraj News : चुनाव प्रचार के लिए निकले मंत्री नंदी ने एक दुकान पर चाट बनाया।
- फोटो : प्रयागराज
जनसंपर्क पर निकले योगी सरकार के मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने चौक इलाके में एक दुकान पर चाट बनाने लगे तो देखने वालों की भीड़ लग गई। मंत्री ने अपने हाथ से चाट बनाकर मौजूद कई लोगों को खिलाया भी। नंदी ने कहा कि आज कई साल बाद पलटा पकड़ा है। इस दौरान चाट के दुकानदार ने मंत्री से कहा कि छोटे दुकानदारों का भी कल्याण करने के लिए काम होना चाहिए। जिस पर मंत्री ने कहा कि इसका पूरा प्रयास किया जाएगा।
जनसमर्थन के लिए भ्रमण पर निकले मंत्री नंदी
शहर दक्षिणी विधायक एवं एक बार फिर भाजपा के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरे मंत्री नंदी ने आज अपने विधानसभा क्षेत्र शहर दक्षिणी की सड़कों पर भ्रमण कर व्यापक जनसंपर्क किया। दुकान-दुकान, घर-घर जाकर लोगों से मतदान करने का आग्रह किया। इस दौरान उनका कई जगह स्वागत भी किया गया। उन्होंने जॉनसेनगंज चौराहे से जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की। मंत्री जॉन्सेनगंज, पानदरीबा, खोआमंडी, मीरगंज, शिव चरण लाल रोड, सब्जी मंडी, ठठेरी बाजार, शाहगंज, नखास कोहना, अत्तरसुइया आदि इलाकों में घर-घर जाकर लोगों से मुलाकात किया।