थरवई सामूहिक हत्याकांड में पुलिस ने बुधवार को 50 से अधिक संदिग्ध लोगों को पकड़ा है। उनसे पूछताछ की जा रही है। अब तक डेढ़ सौ से अधिक लोगों को पकड़कर पूछताछ की जा चुकी है। पुलिस को पूरा शक है कि घुमंतू समूहों में कुछ लोगों का साइको किलर गिरोह है। इसी गिरोह ने ही गंगापार में वारदातें की हैं। ऐसे ही लोगों को पकड़ने के लिए पुलिस स्टेशनों और बस अड्डों के आस पास अभियान चला रही है।
थरवई सामूहिक हत्याकांड में गंगापार में कई थानों में बुधवार को 50 से अधिक संदिग्ध लोगों को पकड़ा गया। उनसे पूछताछ की जा रही है। घटना वाली उनकी लोकेशन की तस्दीक करने के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है। संदिग्ध लोग घटना वाली रात अपनी लोकेशन जहां भी बता रहे हैं, वहां के प्रधानों से भी इस बारे में दरियाफ्त की जा रही है।
पुलिस ऐसे लोगों को पकड़ रही है जिनके व्यवहार कुछ असामान्य हैं या फिर घुमंतुओं के बीच वे सनकी कहे जाते हैं। पुलिस ने शहर भर के स्टेशनों और बस अड्डों पर ऐसे लोगों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया है। अफसरों का कहना है कि खुलासे में भले ही देर हो जाए। असली आरोपियों को ही पकड़ा जाएगा। क्राइम ब्रांच की टीमों के साथ एसटीएफ प्रयागराज की टीम भी लगी है।
सभी टीमें समन्वय बनाकर खुलासे का प्रयास कर रही है। पुरानी सभी घटनाओं की केस फाइल अफसर पढ़ रहे हैं। एसएसपी ने लगभग सभी जगह का दौरा किया है जहां इससे मिलती जुलती घटनाएं हुईं थीं। घर वालों, गांव वालों और संबंधित ग्राम प्रधानों से भी पुलिस पुरानी घटनाओं लेकर पूछताछ कर रही है।