Prayagraj News : चंद्रशेखर आजार पार्क में अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची टीम।
- फोटो : prayagraj
चंद्रशेखर आजाद पार्क में प्रशासन द्वारा बृहस्पतिवार की रात की गई ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के बाद शुक्रवार की सुबह तमाम जगहों पर मलबे का ढेर लगा नजर आया। रातभर चले अभियान के दौरान यहां छोटे-बड़े तकरीबन 50 अतिक्रमण हटाए गए। सुबह टहलने आए लोगों ने इसकी फोटो अपने मोबाइल में कैद करने के बाद सोशल मीडिया में भी शेयर की।
उच्च न्यायालय ने आजाद पार्क से सभी तरह के अवैध निर्माण हटाने का आदेश दिया है। इस मामले में जिला प्रशासन को शुक्रवार तक जवाब भी देना था। इसी क्रम में बृहस्पतिवार की दोपहर बाद यहां जिला एवं पुलिस प्रशासन, प्रयागराज विकास प्राधिकरण, नगर निगम, उद्यान विभाग के अफसरों की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू हुई।
देर रात तक हुई कार्रवाई के दौरान छोटे-बड़े 50 अतिक्रमण को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान कुछ धार्मिक स्थल के अतिक्रमण को भी हटाया गया। इस बीच शुक्रवार को आजाद पार्क में दिन भर पुलिस फोर्स तैनात रही। मलबे के पास जा रहे लोगों को भी पुलिस ने यहां कई बार रोका।
कार्रवाई की जद में प्र्रयाग संगीत समिति, हिंदुस्तानी एकेडमी, गंगानाथ झा परिसर समेत अन्य स्थानों पर बनाए गए कई अतिक्रमण हटाए गए। उधर प्रशासन की ओर से कहा गया बृहस्पतिवार को ध्वस्तीकरण शुरू करने से पूर्व तीन बाद नोटिस भी दिया गया।