थाना क्षेत्र के भरारी-लालगंज मार्ग केपास शनिवार देर रात हुई मुठभेड़ में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली। इस दौरान दो बदमाशों को गिरफ्तार किया गया जिनमें से एक गोली लगने से जख्मी भी हुआ। खास बात यह है कि चोरी के मामले में वांछित दोनों आरोपियों से पूछताछ में मांडा ट्रिपल मर्डर समेत कई घटनाओं का खुलासा हुआ। अफसरों का दावा है कि उन्होंने लूट के लिए इन घटनाओं को अंजाम दिया। उनसे देर रात तक पूछताछ चली रही।
एसपी यमुनापार सौरभ दीक्षित के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार को मांडा में दो बदमाशों की घेराबंदी की तो उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में प्रदीप कुमार जोशी उर्फ जोशी खरवार निवासी डेहरी बाजार, रोहतास बिहार गोली लगने से जख्मी हो गया जबकि उसके साथी अनीस खरवार को भी पकड़ लिया गया। दोनों कौंधियारा में चोरी व शंकरगढ़ में हत्या के प्रयास में वांछित थे लेकिन उनसे पूछताछ में चौंकाने वाले खुलासे हुए।
पता चला कि जगह-जगह डेरा बनाकर रहने वाले इन बदमाशों ने अपने गिरोह के साथ मिलकर जिले में कई सनसनीखेज वारदातें अंजाम दीं। इनमें जून 2020 में मांडा केआंधी गंाव में दंपति व उनकी बेटी की हत्या समेत सोरांव, थरवई, नवाबगंज की भी कई वारदातें शामिल हैं। एसपी यमुनापार ने बताया कि जख्मी बदमाश को अस्पताल भेजा गया है जबकि उसके साथी से पूछताछ की जा रही है। दोनों के कब्जे से तमंचा-कारतूस व कुछ गहने बरामद हुए हैं।
वादी ने भी की पहचान
सूत्रों का कहना है कि मुठभेड़ में घायल बदमाश की पहचान आंधी में मारे गए दंपति के बेटे ने भी की है। उसने बताया है कि घटना से कुछ दिन पहले यह व्यक्ति शहद व महुआ बेचने उसके घर के पास आया था। इस दौरान वह काफी देर तक वहां घूमता रहा था। पुलिस सूत्रों का कहना है कि यह गिरोह लूट के लिए वारदातों को अंजाम देता है। उनके अन्य साथियों की तलाश की जा रही है।