जिले में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। बुधवार को भी 13 लोग पॉजिटिव पाए गए। लोगों में संक्रमण की पुष्टि मोती लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज के माइक्रोबॉयोलॉजी विभाग ने की है। रिपोर्ट के मुताबिक जांच के लिए दो दर्जन से अधिक नमूने भेजे गए थे, जिसमें 13 में पुष्टि हुई है। इसमें आठ मामले शहर के हैं जबकि पांच ग्रामीण इलाकों में पॉजिटिव मिले हैं। मलेरिया विभाग ने इन इलाकों में डेंगू के प्रकोप को रोकने के लिए निरोधात्मक कार्रवाई की तैयारी की है।
मलेरिया विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक बुधवार को गंगानगर और सोरांव में दो-दो और भोला का पुरवा, मुंडेरा, छोटा बघाड़ा, स्टेनली रोड, मम्फोर्डगंज, ऊंचवागढ़ी, कोटवा-बनी, कोरांव में एक-एक व्यक्ति पॉजिटिव पाए गए हैं। इससे जिले में डेंगू के कुल मरीजों की संख्या बढ़कर 333 हो गई है।
इसमें 95 ग्रामीण इलाकों के हैं जबकि 238 शहरी इलाके के हैं। जिला मलेरियाधिकारी डॉ. आनंद सिंह ने बताया कि बुधवार को चांदपुर सलोरी, रामचंद्र पुरवा, रम्मन का पुरवा, नैनी, खरकौनी, मेडिकल कॉलेज परिसर, एलआईसी कॉलोनी, गोविंदपुर, शिवपुरी, एमआईजी कॉलोनी, टीबी कॉलोनी, तेलियरगंज, भृगुलाल पेंट वाली गली, भोला का पुरावा, गोविंदपुर, एलआईजी कॉलोनी में एंटी लार्वा और पायरेथ्रम स्प्रे का छिड़काव कराया गया है।