फूलपुर सांसद केशरी देवी को धमकी देने के आरोप में गिरफ्तार सुग्रीव कुमार वर्मा।
- फोटो : अमर उजाला
फूलपुर सांसद केशरी देवी पटेल को फोन पर धमकाने, रंगदारी मांगने का आरोपी शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उसे पुलिस ने मुंबई से पकड़ा। पूछताछ में उसने बताया कि रुपयों की जरूरत थी और इसीलिए उसने सांसद को फोन किया था। पकड़े गए युवक का नाम सुग्रीव कुमार वर्मा उर्फ लुल्ली है। वह मूल रूप से शंकरगढ़ थाना क्षेत्र के नौढिया उपरहार का रहने वाला है। मौजूदा समय में वह मुंबई में रहकर एक कंपनी के डिलिवरी ऑफिस में काम करता है।
पुलिस को सर्विलांस से उसकी लोकेशन मिली थी। जिसके बाद एक टीम ने वहां पहुंचकर उसे गिरफ्तार किया और शहर ले आई। पूछताछ में पता चला कि वह शराब पीने का आदी है। यह भी बताया कि उसने एक पुराना फोन अपने गांव के प्रधान से खरीदा था। उस फोन में सांसद केशरी देवी का नंबर सेव था। इसके बाद ही उसने उनके नंबर पर फोन किया। यह भी बताया कि उसे जरूरत थी, इसीलिए उसने रुपये मांगे थे। इंस्पेक्टर राममोहन राय ने बताया कि कोर्ट की अनुमति से आरोपी को जेल भेज दिया गया है।