केशव और इंद्रजीत की अग्नि परीक्षा
एक बार फिर डिप्टी सीएम केश प्रसाद मौर्य और सपा के राष्ट्रीय महासचिव और पूर्व मंत्री इंद्रजीत सरोज आमने सामने होंगे। आम विधानसभा चुनाव में भी इंद्रजीत ने कौशाम्बी की कमान अपने हाथ में ली थी और तीनों सीटें सपा की झोली में डाल दी थीं, जबकि केशव प्रसाद मौर्य खुद तो हारे ही तीनों सीटें भाजपा के छिन गईं। लोकसभा चुनाव में भी केशव का गढ़ कहे जाने वाले उनके गृह जनपद कौशाम्बी में केशव को शिकस्त मिली।
कई जनसभा और बड़े नेताओं के कार्यक्रम के बावजूद इंद्रजीत सरोज के बेटे पुष्पेंद्र सरोज ने एक लाख से अधिक मतों से भाजपा को मात दी थी। अब फूलपुर विधानसभा उप चुनाव में फिर दोनों नेताओं की प्रतिष्ठा दांव पर है। सपा ने इंद्रजीत और भाजपा ने केशव प्रसाद को फूलपुर सीट जीताने की जिम्मेदारी दी है। शनिवार को दोनों नेताओं ने अलग अलग स्थानों पर बैठक कर कार्यकर्ताओं में जोश भरने का कार्य किया।
पोस्टर बैनर से पटा पूरा क्षेत्र
फूलपुर विधानसभा क्षेत्र इस समय नेताओं के बैनर पोस्टर से पट गया है। हर खंभे और चौराहे से लेकर छोटे-बड़े बाजार और हाईवे के किनारे टिकट की दावेदारी करने वाले नेताओं के बैनर पोस्टर दिख रहे हैं। इसमें सर्वाधिक पोस्टर समाजवादी पार्टी के नेताओं के ही हैं। भाजपा नेताओं के पोस्टर कम दिख रहे हैं। झूंसी और अंदावां से लेकर हनुमानगंज, उतरांव, सहसों आदि बाजारों में हर खंभे पर नेताओं के पोस्टर लटकाए गए हैं।