वाराणसी पहुंची वेंद भारत एक्सप्रेस
- फोटो : अमर उजाला
नई दिल्ली से इलाहाबाद जंक्शन आ रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर एक बार फिर से अराजकतत्वों ने पथराव कर दिया। कानपुर स्टेशन पार करने के बाद प्रेमपुर और सरसौल रेलवे स्टेशन के नजदीक यह घटना घटी। अचानक हुए पथराव से यात्री सहम उठे। कई कोच के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। बाद में क्षतिग्रस्त शीशों में टेप लगाया गया।
वंदे भारत एक्सप्रेस रविवार को कानपुर से सुबह 10.28 बजे इलाहाबाद जंक्शन के लिए चली। इस बीच सरसौल रेलवे स्टेशन पास कुछ लोगों ने ट्रेन में पथराव शुरू कर दिया। सुबह पौने ग्यारह बजे के आसपास हुई इस घटना से ट्रेन के सी-2 के सीट नंबर 18-19, सी-3 में मेन डोर का शीशा, सी-4 सीट नंबर 50-51, सी-6 में 28-29 का शीशा, कोच ई-1 में सीट नंबर 43-44, सी-8 में सीट नंबर 28 व 29 तथा 43-44 , सी-10 कोच के सीट नंबर 18-19, सी-11 में सीट नंबर पांच व छह बर्थ के शीशे टूट गए। गार्ड सरोज कुमार ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम को दी।
सी-8 कोच का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। पथराव की सूचना ट्रेन के गार्ड सरोज कुमार ने कंट्रोल रूम को दी। ट्रेन 12.14 बजे इलाहाबाद जंक्शन पहुंची। यहां आरपीएफ और कामर्शियल विभाग के लोगों ने पथराव के बारे में जानकारी ली। इसके बाद ट्रेन 12.29 बजे वाराणसी के लिए चल दी। इलाहाबाद जंक्शन से वाराणसी भी पथराव की खबर भेज दी गई। वहां जीआरपी ने मेमो के आधार पर मुकदमा लिखा और उसे कानपुर स्थानांतरित कर दिया।