उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) के नए परीक्षा नियंत्रक अरविंद कुमार मिश्र ने बृहस्पतिवार को आयोग में कार्यभार ग्रहण कर लिया। ज्वाइन करने के बाद परीक्षा नियंत्रक ने विभाग के कुछ अफसरों के साथ बैठक की और विभागीय कार्यप्रणाली को जाना-समझा। साथ ही भर्ती परीक्षाओं का नया कैलेंडर, पीसीएस-जे का विज्ञापन, पुरानी परीक्षाओं का रिजल्ट समय से जारी किए जाने पर जोर दिया।
आयोग में नए परीक्षा नियंत्रक की तैनाती के बाद अब उनके लिए पहली और सबसे बड़ी चुनौती प्रिंटिंग प्रेसों का पैनल तैयार करना है। प्रिंटिंग प्रेसों का नाम पूरी तरह से गोपनीय होता है और इनके चयन की प्रक्रिया भी थोड़ी लंबी है। ऐसे में माना जा रहा है कि प्रिंटिंग प्रेसों का पैनल तैयार होने के बाद ही आयोग भर्ती परीक्षाओं का नया कैलेंडर और पीसीएस-2019 का विज्ञापन जारी करेगा। अभ्यर्थियों को भी पीसीएस-2019 के विज्ञापन का इंतजार है। साथ ही स्थगित की गई पीसीएस-2018 की मुख्य परीक्षा की नई तिथि भी अब तक घोषित नहीं हुई है। इसके अलावा पीसीएस-2017 की मुख्य परीक्षा, जेई भर्ती परीक्षा-2013, आरओ/एआरओ प्रारंभिक परीक्षा-2016, आरओ/एआरओ प्रारंभिक परीक्षा-2017 का रिजल्ट भी फंसा हुआ है।