महंत नरेंद्र गिरी की मौत के मामले में सीबीआई जांच की मांग तेज हो गई है। इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता सुनील चौधरी ने महंत की मौत के मामले में सीबीआई जांच की मांग को लेकर ऑनलाइन पत्र याचिका दाखिल की है। वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा है कि अखाड़ा परिषद या साधु-संत चाहेंगे तो मामले की सीबीआई जांच भी कराई जाएगी।
महंत नरेंद्र गिरि की संदिग्ध मौत के मामले में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी की भूमिका को लेकर तमाम तरह की आशंकाएं जताई जा रहीं हैं। कुछ लोगों को पुलिस की जांच पर भरोसा नहीं है। यही वजह है कि मंगलवार को जब डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य महंत नरेंद्र गिरि की पार्थिव देह का अंतिम दर्शन करने पहुंचे तो उनके सामने भी यह मुद्दा उठा।
डिप्टी सीएम ने कहा कि अगर अखाड़ा परिषद या साधु-संत चाहते हैं तो मामले की सीबीआई जांच भी कराई जाएगी। फिलहाल इस मांग को लेकर इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता सुनील चौधरी ने ऑनलाइन पत्र यचिका दाखिल कर दी है।
मौनी महाराज ने भी की निष्पक्ष जांच की मांग
उधर अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरी के संदिग्ध मौत पर अग्नि अखाड़े के संत और अमेठी संत परमहंस सगरा आश्रम के पीठाधीश्वर मौनी महाराज ने भी जांच की मांग की है। उन्होंने महंत नरेंद्र गिरि के ब्रह्मलीन होने पर दुख जताया। कहा कि महंत नरेंद्र गिरी की संदिग्ध मौत से पूरा संत समाज ही नहीं पूरा देश आहत है, इसलिए इस मामले में उन्होंने सरकार से उच्च स्तरीय जांच होनी चाहिए। मौनी महाराज ने देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।