Prayagraj News : महंत नरेंद्र गिरि मौत मामले की जांच करने मठ बाघंबरी गद्दी पहुंची सीबीआई की टीम।
- फोटो : प्रयागराज
अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि मौत मामले में सीबीआई की टीम ने एक भाजपा नेता की पत्नी से कई घंटे तक पूछताछ की। पुलिस लाइन के गेस्ट हाउस में महिला को गोपनीय तरीके से बुलाया गया था। बताया जाता है कि महिला की अखाड़ा परिषद अध्यक्ष नरेंद्र गिरि से काफी नजदीकी थी। सूत्रों के अनुसार फोन पर हुई बातचीत का रिकार्ड मिलने के बाद महिला को पूछताछ के लिए बुलाया गया। इस दौरान महिला के पति भाजपा नेता से भी कई सवाल पूछे गए। घटना के पहले दिन से ही यह चर्चा चल रही थी कि इस मामले में भाजपा के एक नेता और सपा के एक नेता के अलावा एक पुलिस अधिकारी की भूमिका हो सकती है।
भाजपा नेता की पत्नी के अलावा एक अन्य महिला को भी पूछताछ के लिए पुलिस लाइन बुलाया गया था। दोनों महिलाओं को आमने सामने बैठाकर भी सवाल पूछे गए। इन महिलाओं का प्रत्यक्ष का परोक्ष रूप से मठ बाघंबरी गद्दी से संबंध रहा है और यह अक्सर समाज सेवा से जुड़े कार्यों को लेकर महंत से मिलती रही हैं। महंत सामाजिक कार्यों में काफी दिलचस्पी लेते थे। इसके चलते समाजसेवा से जुड़े लोग उनसे मिलने आते रहते थे। हालांकि पूछताछ के बाद दोनों महिलाओं को वापस भेज दिया गया। माना जा रहा है कि सीबीआई एक सपा नेता और एक पुलिस अधिकारी को भी पूछताछ के लिए बुला सकती है।