आनंद गिरि ने अपने गुरु महंत नरेंद्र गिरि से मांगी थी माफी
बता दें कि दोनों के बीच काफी दिन चले विवाद के बाद एक अधिकारी शिष्य के लखनऊ स्थित आवास पर दोनों की मुलाकात के बाद योगगुरु स्वामी आनंद गिरि ने अपने गुरु महंत नरेंद्र गिरि पर लगाए गए आरोपों, बयानों का वापस लेते हुए अपने किए और कहे के लिए माफी मांगी थी। वहीं महंत नरेंद्र गिरि ने भी स्वामी आनंद गिरि पर लगाए गए आरोपों को वापस लेते हुए उनके किए और कहे को क्षमा करते हुए उन्हें मठ बाघंबरी गद्दी में आने पर लगा प्रतिबंध हटा लिया था।
विवाद के पटाक्षेप के बाद स्वामी आनंद गिरि हरिद्वार स्थित गुजराती आश्रम लौट गए थे, जबकि महंत नरेंद्र गिरि प्रयागराज के मठ बाघंबरी गद्दी लौट आए थे। स्वामी आनंद गिरी ने अपने गुरु के अतिरिक्त निरंजनी अखाड़े के पंच परमेश्वर से भी माफी मांगी थी। 14 मई को पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी से निष्कासित करने के बाद गुरु-शिष्य के बीच विवाद बढ़ गया था। स्वामी आनंद गिरि पर परिवार से संबंध रखने और मठ-मंदिर के धन के दुरुपयोग के मामले में कार्रवाई हुई थी। अखाड़े व मठ, मंदिर से निष्कासित किए जाने के बाद आनंद गिरि अपने गुरु महंत नरेंद्र गिरि के खिलाफ सोशल मीडिया पर लगातार बयान दे रहे थे।