Prayagraj News : नैनो यूरिया का छिड़काव करता किसान।
- फोटो : social media
किसानों की किस्मत चमकाने वाली लिक्विड नैनो फर्टिलाइजर का नवंबर से उत्पादन आरंभ हो जाएगा। यह खाद मौजूदा यूरिया के अत्यधिक इस्तेमाल से नष्ट होती उर्वराशक्ति बचाने में मदद मिलेगी ही, किसानों का पैसा, परिश्रम और समय भी बचाएगी। देश में इफको का फूलपुर स्थित यह दूसरा प्लांट होगा, जहां तैयार आधा लीटर नैनो खाद की उर्वरक क्षमता यूरिया की 45 किलोग्राम वजनी एक बोरी के बराबर होगी। इसकी आपूर्ति के लिए अर्जेंटीना और ब्राजील ने भी इफको से करार किया है।
फसलों की पैदावार बढ़ाने के लिए यूरिया के सर्वाधिक इस्तेमाल से कृषि भूमि की उर्वरा शक्ति नष्ट होने की शिकायतें लंबे समय से आती रही हैं। इस चिंता को दूर करने के लिए के लिए इफको ने न सिर्फ नैनो फर्टिलाइजर लिक्विड तैयार किया, बल्कि इसका पेटेंट भी करा लिया है। इफको प्रबंधन का दावा है कि नैनो फर्टिलाइजर से भूमि की उर्वरा शक्ति ही नहीं, उत्पादन भी बढ़ेगा।