मोतीलाल नेहरू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एमएनएनआइटी) कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर थमने के बाद 24 सितंबर से फिर से छात्र-छात्राओं के लिए गुलजार हो जाएगा। संस्थान के निदेशक की अध्यक्षता में कमेटी की बैठक में इस पर फैसला लिया गया है। लेकिन अभी सिर्फ एमटेक और शोध के विद्यार्थियों को ही संस्थान में प्रवेश दिया जाएगा।
होली के बाद कोरोना वायरस के संक्रमण की दूसरी लहर ने रफ्तार पकड़ी थी तो एहतियातन एमएनएनआईटी को भी बंद कर हॉस्टल खाली करा लिए गए थे। संस्थान ने परीक्षाएं और कक्षाएं ऑनलाइन चलाने का निर्णय लिया था। अब जबकि संक्रमण की दूसरी लहर प्रकोप थमा है तो संस्थान को 24 सितंबर से चरणबद्ध तरीके से खोलने का निर्णय बैठक में हुआ है। पहले चरण में एमटेक और पीएचडी के विद्यार्थियों के लिए संस्थान खुलेगा।
लेकिन इसमें उन्हीं छात्र-छात्राओं को परिसर में प्रवेश दिया जाएगा, जो कोरोना की दोनों वैक्सीन लगवा चुके हैं और उन्हें वैक्सीन का प्रमाणपत्र भी संस्थान को उपलब्ध कराना पड़ेगा। अभी इन विद्यार्थियों को केवल लैब में जाने की अनुमति होगी, जबकि कक्षाएं ऑनलाइन मोड में ही चलेगी। इसके बाद आगे की स्थिति को देखते हुए निर्णय लिया जाएगा। सब कुछ इसी तरह रहा तो दूसरे चरण में बीटेक के छात्र-छात्राओं के लिए भी संस्थान खोलने पर निर्णय लिया जाएगा। एनएनएनआईटी के निदेशक राजीव त्रिपाठी ने बताया कि 24 सितंबर से एमटेक और पीएचडी के विद्यार्थियों के लिए संस्थान को खोलने का निर्णय हुआ है। वैक्सीन की दोनों डोज लगवा चुके विद्यार्थियों को प्रवेश दिया जाएगा।
जल्द खुलेगा ट्रिपलआइटी
भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (ट्रिपलआइटी) के भी जल्द ही विद्यार्थियों के लिए खुलने के आसार हैं। निदेशक प्रो. पी नागभूषण ने बताया कि इसके लिए कमेटी का गठन किया गया है। अभी कमेटी की बैठक नहीं हुई है। दो दिन में कमेटी बैठक के बाद यह तय हो जाएगा कि संस्थान कब से छात्र-छात्राओं के लिए खुलेगा।