जीजीआई कटरा की नवनियुक्त प्रधानाचार्य बीना गौतम कमेटी की निगरानी में पदभार ग्रहण करेंगी। इसके लिए उन्होंने डीआईओएस द्वितीय को पत्र लिखा है। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय नरेंद्र शर्मा बृहस्पतिवार को जीजीआईसी कटरा पहुंचे थे। जीजीआईसी कटरा में यूपी बोर्ड व्यक्तिगत परीक्षा 2022 का फार्म वितरण का नोडल केंद्र बनाया गया था। फार्म वितरण के दौरान अभ्यर्थियों से 206 रुपये शुल्क की जगह एक हजार रुपये लेने का आरोप लगा था। इस मामले में जांच के बाद प्रधानाचार्य ज्योत्सना सिंह को निलंबित कर दिया गया था।
उनकी जगह बीना गौतम को प्रभारी प्रधानाचार्य नियुक्त किया गया है। बीना गौतम का कहना है कि वह मौखिक तौर पर चार्ज नहीं लेगी। उन्होंने कमेटी की निगरानी में चार्ज लेने के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक को पत्र लिखा है। बीना गौतम का कहना है कि चार्ज न मिलने से विद्यालय का कार्य सुचारू रूप से नहीं चल पा रहा है। मिड डे मील, शिक्षकों और कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यालय संबंधी क ार्यों को करने में दिक्कत आ रही है। जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय नरेंद्र शर्मा का कहना है कि जल्द ही उन्हें चार्ज ग्रहण कराया जाएगा।
डीआईओएस द्वितीय पहुंचे जीजीआईसी कटरा
जिला विद्यालय निरीक्षक द्वितीय नरेंद्र शर्मा बृहस्पतिवार को जीजीआईसी कटरा पहुंचे। उन्होंने अपने देखरेख में प्रभारी प्रधानाचार्य बीना गौतम को परीक्षा का प्रभार सौंपा। साथ ही यूपी बोर्ड व्यक्तिगत परीक्षा 2022 के लिए भरे गए फार्म, शुल्क और रजिस्टर को सौंपा है। ताकि विद्यार्थियों की ओर से भरे फार्म और शुल्क को समय से जमा कराया जा सके। प्रधानाचार्य बीना गौतम ने बताया कि व्यक्तिगत परीक्षा के लिए चार सौ विद्यार्थियों ने आवेदन किया है।