आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा 306 के तहत मामला सीबीआई ने दर्ज कर किया
प्रयागराज के अल्लापुर इलाके में स्थित श्री बाघंबरी गद्दी मठ में सोमवार की शाम संदिग्ध दशा में अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद अध्यक्ष महंत नरेंद्र गिरि का शव छत के पंखे से लटकता मिला था। उनके पास से 14 पन्नों का सुसाइड नोट भी बरामद किया गया था। इस मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने की धारा 306 के तहत मामला सीबीआई ने दर्ज कर किया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के मुताबिक महंत की मौत दम घुटने से हुई है। महंत के पास से मिले सुसाइड नोट के आधार पर पुलिस ने महंत के शिष्य रहे योग गुरु आनंद गिरि, संगम स्थित लेटे हनुमानजी मंदिर के प्रधान पुजारी आद्या प्रसाद तिवारी और उसके पुत्र संदीप तिवारी को गिरफ्तर कर नैनी जेल भेज दिया है।
एएसपी सीबीआई स्पेशल क्राइम तृतीय केएस नेगी करेंगे जांच
सीबीआई विशेष अपराध तृतीय नई दिल्ली के पुलिस अधीक्षक बसील केरकेट्टा ने छह सदस्यीय टीम का गठन महंत की मौत की जांच के लिए किया है। जांच टीम अपर पुलिस अधीक्षक सीबीआई विशेष अपराध तृतीय केएस नेगी के नेतृत्व में विवेचना को आगे बढ़ाएगी।
सीबीआई ने केस दर्ज करने की जानकारी अधिकारियों को भेजी
महंत नरेंद्र गिरि की मौत के मामले में एफआईआर दर्ज करने के बाद सीबीआई की ओर से इसकी आधिकारिक जानकारी उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। जिसमें स्पेशल सीबीआई मजिस्ट्रेट लखनऊ, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रयागराज, अपर मुख्य सचिव गृह, उत्तर प्रदेश, पुलिस महानिदेशक यूपी, एसएसपी प्रयागराज, सीबीआई क्राइम ब्रांच मुख्यालय आदि को भेजी गई है।