त्रिवेणी तट पर लगने वाले महाकुंभ 2025 की तैयारियां तेज होने लगी है। तैयारियों में पीछे चल रहे पर्यटन विभाग ने भी रफ्तार पकड़ना शुरू कर दिया है। मंगलवार को पर्यटन विभाग की तरफ से महाकुंभ 2025 में बसाए जाने वाले टेंट सिटी के लिए ई निविदा जारी कर दी। विभाग की तरफ से नौ प्रकार की निविदा मांगी गई है। इसके साथ ही निविदा आवेदन में चयनित एजेंसियों पर ही टेंट सिटी के निर्माण के साथ ही उसके प्रबंधन की जिम्मेदारी होगी।
इसमें करीब 60 दिनों तक दो हजार बेड की व्यवस्था होगी
महाकुंभ को भव्य और दिव्य बनाने के लिए प्रत्येक विभाग ने कमर कसना शुरू कर दिया है। मेले में देश -विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं को ठहराने के साथ ही सुव्यवस्थित तरीके से स्नान, ध्यान के इंतजाम करने की तैयारी है। इसके लिए पर्यटन विभाग ने अरैल में 100 हेक्टेयर में टेंट सिटी सजाने की तैयारी की है। इसमें करीब 60 दिनों तक दो हजार बेड की व्यवस्था होगी। टेंट सिटी के लिए कुंभ मेला प्राधिकरण अरैल में 100 हेक्टेयर भूमि उपलब्ध कराएगा।
पर्यटकों के लिए कई अन्य प्रकार की सुविधाएं
पर्यटन विभाग की तरफ से तैयार कराए जाने वाले टेंट सिटी में विला, सुपर डिलक्स और डिलक्स श्रेणी में अलग-अलग सुविधाएं मिलेंगी। इसमें पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए फूड कोर्ट, वैलनेस सेंटर, यज्ञशाला आदि की भी व्यवस्था रहेगी। इसके साथ ही पर्यटन विभाग महाकुंभ में आने वाले पर्यटकों के लिए कई अन्य प्रकार की सुविधाएं देने की तैयारी में है। जिससे पर्यटकों के लिए यह मेला दिव्य और भव्य होने का अनुभव दे सके।
इसके अलावा पर्यटन विभाग की तरफ से महाकुंभ को लेकर कराए जाने वाले अन्य कार्यों के लिए निविदा की प्रक्रिया तेज करने की तैयारी शुरू कर दी गई। पर्यटन विभाग की तरफ से शहर के विभिन्न मंदिरों के सौदर्यीकरण आदि का कार्य कराया जाना है। जिसको पूरा करने के लिए अक्तूबर 2024 तक का समय निर्धारित किया गया है।