मीडिया सेल की चार टीमों ने शुरू की निगरानी
उधर हाईअलर्ट के मद्देनजर सोशल मीडिया पर भी खास नजर रखी जा रही है। इस काम में मीडिया सेल की चार टीमें लगाई गई है। इनमें तीनों जोन नगर, गंगानगर, यमुनानगर के मीडिया सेल के साथ ही मुख्यालय स्तर पर गठित मीडिया सेल शामिल हैं। यह टीमें लगातार इजराइल-फिलिस्तीन से संबंधित हर ट्वीट, पोस्ट की निगरानी कर रही हैं। ऐसे अकाउंट चिह्नित किए जा रहे हैं जो आपत्तिजनक तस्वीरें, वीडियो या कमेंट को लाइक, रिट्वीट या शेयर कर रहे हैं।
त्योहार का मौसम, दो महीने बाद माघ मेला
केरल बम धमाकों के साथ ही यूपी में हाईअलर्ट का एक प्रमुख कारण त्योहारी मौसम भी है। दरअसल बाजारों में चहल पहल है और कुछ दिनों बाद ही दीपावली का त्योहार भी है। प्रयागराज की बात करें तो इसे लेकर अतिरिक्त सक्रियता बरता जाना लाजिमी भी है। दरअसल दो महीने बाद यहां माघ मेला होना है जिसे अगले साल होने वाले कुंभ का सेमीफाइनल भी कहा जा रहा है।
मुख्यालय से मिले निर्देशों के मुताबिक सभी संवेदनशील स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। सोशल मीडिया की भी निगरानी की जा रही है। माहौल बिगाड़ने वालों पर कार्रवाई की जाएगी। - दीपक भूकर, डीसीपी नगर