संगम नगरी की प्रतिभाओं में एक और नाम जुड़ गया है। कीडगंज की इशरत जहां सिद्दीकी महुआ चैनल के कार्यक्रम ‘सुरवीर संगीत के महासंग्राम’ की विजेता बन गई हैं। ग्रैंड फिनाले में उन्हें नामचीन संगीतकार श्रवण कुमार ने अवार्ड से नवाजा। इस दौरान उन्हें महुआ चैनल ने अपने एक एलबम में गाने का मौका भी दिया है। इसी के साथ फिल्म ‘एक प्रेम कहानी’ और ‘तेरे इश्क के खातिर’ में गाने का मौका भी उन्हें मिला है।
इशरत को गाने का शौक चार साल की उम्र में ही लगा था। मां जीनत जहां ने उनके शौक को चार चांद लगाया। बेटी के सपनों को पूरा करने को कदम से कदम मिलाया। प्रयाग संगीत समिति से प्रभाकर इशरत कहती हैं, संगीत की दूसरी प्रतियोगिताओं की तरह ही उन्हें भी विजेता बनने के लिए काफी संघर्ष करना पड़ा। दिसंबर 2015 में ऑडिशन में चयनित किया गया। अंतिम पड़ाव में यूपी से वह अकेले थीं जबकि बिहार से तीन लोग मुकाबले में थे लेकिन जजों संगीतकार श्रवण और गायिका अनुराधा पौडवाल के अंक और लोगों की वोटिंग ने उन्हें विजेता बना दिया।