मंसूराबाद में अद्भुत वारदात...नमक ही उठा ले गए चोर
आजाद भारत में नमक की चोरी एक अद्भुत वारदात है। यह हुई है, नवाबगंज थाना क्षेत्र के मंसूराबाद में। मंगलवार की रात बगैर नंबर की गाड़ी से आए शातिरों ने दुकानों के बाहर रखा 15 बोरी नमक पार कर दिया। चोरी की यह घटना सीसीटीवी में भी कैद है। बावजूद इसके ऐसी चोरी से अचंभित पुलिस चोरों का कोई सुराग नहीं लगा सकी है।
आमतौर पर ऐसी धारणा है कि नमक की कोई चोरी नहीं करता है। इसी कारण नमक की बोरियां अधिकांश दुकानदार बाहर ही रखते हैं। लेकिन, यही बेफिक्री मंसूराबाद चौराहा स्थित दुकान के मालिक अर्जुन प्रसाद केसरवानी को भारी पड़ गई। वह रोज की तरह मंगलवार रात को भी दुकान बंदकर घर गए थे।
बुधवार सुबह दुकान खोली तो बाहर रखा 15 बोरी नमक गायब था। सीसीटीवी कैमरा खंगालने से पता चला कि रात करीब दो बजे एक बिना नंबर की गाड़ी आई और उसी में चोर सारा नमक लाद ले गए। इस मामले से अचंभित चौकी प्रभारी मंसूराबाद राकेश कुमार का कहना है कि पहली बार ऐसी घटना सुनी है। चोरों की तलाश की जा रही है।