Innocent girl strangled to death, step mother arrested
फूलपुर (प्रयागराज)। कस्बे के कुसेहटा गांव में मंगलवार की दोपहर पांच साल की बच्ची सपना की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। सौतेली मां पर हत्या के आरोप के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। घर वालों के मुताबिक सौतेली मां सपना से ईर्ष्या करती थी। इसी कारण उसकी हत्या कर दी। पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
फूलपुर कोतवाली क्षेत्र के कुसेहटा गांव के रहने वाले श्रीपति की शादी दस साल पहले सीमा देवी के साथ हुई थी। सीमा और श्रीपति की पांच साल की बेटी सपना है। करीब साल भर पहले सीमा घर छोड़कर चली गई। मजदूरी कर परिवार चलाने वाले श्रीपति ने मई 2019 में सेंहुआडीह की रहने वाली लालती देवी के साथ दूसरी शादी कर ली। लालती की भी चार साल की बेटी है। मंगलवार दोपहर गांव में हो रहे क्रिकेट मैच देखने के लिए श्रीपति चला गया। आरोप है कि इसी दौरान लालती ने सपना की गला घोंटकर हत्या कर दी। करीब तीन बजे शाम जब श्रीपति घर लौटा तो उसने सपना के बारे में पूछा। लालती बताया कि घर में सो रही है। श्रीपति जब घर के अंदर गया तो चारपाई पर सपना की लाश पड़ी थी। गले पर निशान था। श्रीपति ने पुलिस को बताया कि लालती ने सपना को मारा है। वह सपना से भेदभाव बरतती थी। समय पर खाना नहीं देती थी। वह मौका पाकर उसकी बेटी को मारती-पीटती भी थी। कोतवाली प्रभारी चन्द्रभान सिंह ने सपना के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और श्रीपति की तहरीर पर लालती देवी को गिरफ्तार कर लिया।