सिविल लाइंस रोडवेज पर उमड़ी भीड़।
- फोटो : अमर उजाला
प्रयागराज से नई दिल्ली जाने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस की बात करें तो इस सीजन में पहली बार उसके स्लीपर कोच में प्रतीक्षा सूची का आंकड़ा 250 को पार गया। आनंद विहार जाने वाली हमसफर एक्सप्रेस के भी स्लीपर में प्रतीक्षा सूची 139 तक पहुंच गई। वहीं, रीवा व पुरुषोत्तम एक्सप्रेस के स्लीपर में नो रूम हो गया। कमाेवेश दिल्ली रूट की सभी ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची रही। यही हाल मुंबई, दक्षिण भारत, जयपुर रूट पर जाने वाली ट्रेनों का रहा है।
रामबाग के संदीप गुप्ता ने ट्रेनों में कंफर्म बर्थ नहीं मिलने से सिविल लाइंस से दोपहर में ही दिल्ली के लिए सीधी बस पकड़ ली। सिविल लाइंस बस स्टेशन पर गुरुग्राम जा रहे अल्लापुर के प्रवीण कुशवाहा ने कानपुर की बस पकड़ी। कहा, कानपुर से उनका बृहस्पतिवार की सुबह शताब्दी एक्सप्रेस में कंफर्म रिजर्वेशन है। वहीं, यूपी रोडवेज के सिविल लाइंस बस स्टेशन पर भी सुबह से ही पर्व मनाने के बाद अपने गंतव्य की ओर जाने वाले लोगों की भीड़ गई। इस दौरान रोडवेज ने तमाम रूट के लिए अतिरिक्त बसें संचालित कीं।