दो दिन संगमनगरी में रंगों की बारिश होने के बाद तीसरे दिन बुधवार को भी शहर की धड़कन कहे जाने वाले चौक क्षेत्र के ठठेरी बाजार में जमकर रंग बरसा। यहां लोगों ने एक-दूसरे को रंग, अबीर-गुलाल से सराबोर कर दिया। महिला, पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग सबने जमकर होली खेली। हालांकि, बिजली की आंख-मिचौली से पर्व का मजा जरूर थोड़ा फीका रहा। दिन में रंग खेलने के बाद शाम को घर जाकर बधाई देने का सिलसिला शुरू हुआ।
ठठेरी बाजार में होरियारों की टीम ने बुधवार को जोश भरा तो क्या बच्चे, क्या बुजुर्ग सभी पिचकारी लेकर रंग की जंग में आ डटे। यहां महिलाओं की भी अलग और अनूठी होली रही। ठठेरी बाजार में परंपरागत तरीके से सब्जी मंडी चौराहे के पास और जामा मस्जिद दोनों ओर बैरिकेडिंग कर दी गई थी। सड़क के बीचों बीच पानी से भरे टैंकर रखे थे। श्याम भवन के पास अबीर, गुलाल, रंग लेकर जुटे लोगों ने एक दूसरे से गले मिलकर होली की बधाई दी।