सिविल लाइंस में ऑनलाइन संचालित हो रहे सट्टे के खेल का भंडाफोड़ एसओजी ने किया। संगम पैलेस से पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल, एटीएम कार्ड व नगदी बरामद की। हालांकि, गिरोह के सरगना समेत दो आरोपी फरार हो गए। गिरफ्तार किए गए आरोपी जेल भेज दिए गए।
एसओजी को सूचना मिली थी कि सिविल लाइंस में बड़े पैमाने पर ऑनलाइन सट्टेबाजी का खेल संचालित हो रहा है। जिसके बाद टीम सुरागकशी में लगी थी। सटीक सूचना पर पुलिस ने छापा मारकर दोपहर में संगम पैलेस से पांच लोगों को पकड़ा। इनके कब्जे से पांच मोबाइल के साथ ही आठ एटीएम कार्ड, 8700 नगदी व एक बाइक बरामद हुई। थाने लाकर पूछताछ की गई तो पता चला कि पांचो सट्टा खेलने के लिए पहुंचे थे। इनमें उदय प्रताप सिंह निवासी लूकरगंज, अमित कुमार निवासी नेवादा कैंट, आकाश कुमार निवासी नवाब यूसुफ रोड सिविल लाइंस, निहाल कुमार निवासी राजापुर, सोनू निवासी नवाब यूसुफ रोड सिविल लाइंस शामिल हैं।
ऑनलाइन दांव, ऑनलाइन पेमेंट
पुलिस की पूछताछ में यह बात सामने आई है कि गिरोह के सदस्य पुलिस से बचने के लिए इस पूरे खेल को ऑनलाइन संचालित करते थे। इसमें ऑनलाइन ही सट्टेबाज दांव लगाते थे और फिर ऑनलाइन ही पैसे जमा भी करते थे। ऑनलाइन ही व्हाट्सएप के जरिये उनकी डील होती थी। यहां तक कि दांव जीतने वालों को पेमेंट भी ऑनलाइन ही किया जाता था। जिसके लिए गिरोह के सदस्य डिजिटल पेमेंट एप का इस्तेमाल करते थे।
हिस्ट्रीशीटर है सरगना, साथी समेत फरार
पुलिस सूत्रों का कहना है कि इस खेल का सरगना सिविल लाइंस थाने का हिस्ट्रीशीटर राधेमोहन है। उसके ऊपर कई मुकदमे दर्ज हैं। वह अपने एक साथी गोलू के साथ मिलकर सट्टा संचालित कर रहा था। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है।