prayagraj news : चंद्रशेखर आजाद पार्क।
- फोटो : prayagraj
चंद्रशेखर आजाद पार्क में बढ़ रहे अतिक्रमण पर हाईकोर्ट से मिली फटकार के बाद कमिश्नर, डीएम और डीआईजी रविवार को आजाद पार्क पहुंचे। यहां निरीक्षण करने के बाद अफसरों ने अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया। इस पर वहां लोगों ने अफसरों का विरोध करना शुरू कर दिया। हालांकि, अफसरों के साथ मौजूद पुलिस बल के आगे किसी की एक न चली। बाद में लोगों ने समय मांगते हुए खुद ही अतिक्रमण हटाना शुरू कर दिया।
आजाद पार्क में अतिक्रमण को लेकर वर्ष 1999 में आदेश जारी हुआ था। हालांकि, तब उस आदेश पर कुछ खास काम नहीं हुआ था। इस दौरान पार्क के काफी कुछ अवैध रूप से बन गया। यहां अंदर मजारें तो बढ़ी हीं साथ ही स्टेडियम के पीछे ज्ञानवृक्ष मंदिर का भी हिस्सा बढ़ गया। पार्क की जमीन पर बना एक क्लब भी उद्यान विभाग को देने का निर्देश दिया गया था। प्रशासन द्वारा इस पर कोई काम न करने पर हाईकोर्ट ने अफसरों को तलब किया।
इसके बाद रविवार को कमिश्नर संजय गोयल, डीएम संजय कुमार खत्री आदि उद्यान विभाग के अफसरों के साथ आजाद पार्क पहुंचे। नापजोख शुरू हुई तो वहां तमाम लोग कागजात लेकर आ गए। कुछ लोगों ने अतिक्रमण को सही बताया। प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान आजाद पार्क में काफी संख्या में लोग जुट गए। कुछ ने कार्रवाई का विरोध शुरू किया तो पुलिस ने उन सभी को घेर लिया।
इसके बाद ही लोग शांत हुए। बाद में वहां काफी अतिक्रमण हटाया भी गया। शाम तक कार्रवाई जारी रही। बताया जा रहा है कि सोमवार तक यहां पूरा अतिक्रमण हटा दिया जाएगा। यहां तकरीबन ढाई घंटे तक अफसर मौजूद रहे। डीएम संजय कुमार खत्री ने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश पर हम लोग वहां गए थे। वहां सारी स्थिति का जायजा लिया गया।