कोतवाली थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले मे रहने वाले व्यक्ति की अप्रैल महीने में कोरोना से मौत हुई तो ससुरालियों ने पत्नी पर अत्याचार शुरू कर दिया। देवर और ननदोई ने उसके साथ दुष्कर्म का प्रयास किया। पूरे गहने छीनकर उसे घर से निकाल दिया। कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
फतनपुर प्रतापगढ़ की रहने वाली एक युवती की शादी दिसंबर 2019 को कोतवाली थाना क्षेत्र में रहने वाले युवक से हुई थी। अप्रैल में युवक की कोरोना से मौत हो गई। इसके कुछ दिनों बाद ससुराल वाले युवती को उसके मायके छोड़ गए। वे युवती को वापस लाने को तैयार नहीं थे। किसी तरह बड़े बुजुर्गों की मदद से युवती वापस ससुराल पहुंची तो ससुराल वाले उस पर देवर से शादी करने का दबाव बनाने लगे।
युवती का कहना था कि देव नशेड़ी है। वह उससे शादी नहीं करेगी। इसके बाद ससुराल वालों ने उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। उसके साथ मारपीट की गई। कई बार उसके देवर और ननदोई ने दुष्कर्म का प्रयास किया लेकिन हर बार वह चीख चिल्ला कर बच गई। ससुराल वालों ने उसके पूरे जेवर और गहने छीन लिए। अब ससुराल से भी निकाल दिया। युवती के भाई ने ससुरालियों के खिलाफ दुष्कर्म का प्रयास, मारपीट समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई है।