सदर कोतवाली इलाके के एक गांव में रहने वाले हाईस्कूल के छात्र पीयूष मिश्रा को शस्त्र लेने का भूत सवार है। छात्र के मुताबकि उसे जान का खतरा है। आवेदन पत्र की पुलिस ने जांच की तो सारी बातें झूठी साबित हुईं। अफसरों ने इसकी रिपोर्ट भेजी तो पीयूष ने जन सुनवाई पोर्टल में शिकायत दर्ज करा दी।
दरअसल कोतवाली इलाके का एक छात्र इन दिनों बीए कर कर रहा है। हाईस्कूल के दौरान ही उसकी उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी थी। घर में शान-शौकत की कोई कमी नहीं थी। बस, कमी थी तो असलहे की। इस वजह से उसने अध्यनरत रहते हुए शस्त्र लेने के लिए आवेदन कर दिया। आवेदन में लिखा कि उसे जान से मारे जाने का खतरा है। आवेदन पत्र की पुलिस ने जांच कराई तो स्थानीय दरोगा ने लिखा कि पीयूष को किसी से खतरा नहीं है। वह शौकिया असलहा लेना चाहता है।
इसी रिपोर्ट पर इंस्पेक्टर, सीओ, एएसपी और एसपी ने भी अपनी मुहर लगाकर जिलाधिकारी को प्रेषित कर दी। फाइल दाखिल दफ्तर होेने के कगार पर पहुंची ही थी कि पीयूष ने जन सूचना में शिकायत कर अपने आवेदन पत्र को गायब किए जाने के बाबत जानकारी मांग ली। इसे लेकर पुलिस महकमें हड़कंप मच गया। पुराने दस्तावेज खंगाले गए तो हकीकत का पता चला कि इसकी रिपोर्ट तो पहले ही भेजी जा चुकी है।