सिविल लाइंस पुलिस ने जैकी और इंद्र बहादुर गैंग के 12 बदमाशों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। जैकी गैंग ने सिविल के एक बड़े होटल में जज के भाई के वैवाहिक समारोह में लाखों के जेवर और नकदी उड़ा दी थी। जांच में पता चला था कि गैंग के लोग प्रदेश कई जिलों में इस तरह की वारदातें कर चुके हैं। पुलिस ने गैंग लीडर जैकी कुमार सांसी समेत गैंग के अन्य लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
अब जैकी कुमार, संतोष सांसी, कुनाल, कोहिनूर सांसी, रामू पटेल और पंकज उर्फ भुपेंद्र सिंह के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। वहीं, इंद्र बहादुर का गिरोह वाहन चोरों को गिरोह है। गिरोह से पुलिस ने दो दर्जन चोरी की बाइक पकड़ी थीं। गिरोह ने न सिर्फ प्रयागराज बल्कि करीब एक दर्जन अन्य जिलों में चोरी की वारदातें की थीं।
गैंग के इंद्र बहादुर, विजय बहादुर, अर्जुन सिंह, विवेक कुमार पाल, मनीष कुमार और धर्मेंद्र कुमार के खिलाफ भी गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। इंस्पेक्टर वीरेंद्र यादव ने बताया कि सभी बदमाश जेल में बंद हैं। अन्य जिलों से उनके आपराधिक इतिहास को खंगाला जा रहा है।