इलाहाबाद हाईकोर्ट के एक जज की पत्नी से 50 हजार की धोखाधड़ी की गई। घरेलू कर्मचारी के नाम पर उनसे रकम ऐंठ ली गई। फिलहाल शिकायत पर तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर सिविल लाइंस पुलिस जांच में जुट गई है।
आरोप है कि जज की पत्नी ने दिल्ली की इंदिरा मेड सर्विस से घरेलू कर्मचारी के लिए बात की। एजेंसी की ओर से उन्हें नौकरानी की तस्वीर भेजी गई। बात फाइनल होने के बाद 13 अक्टूबर को दो महिलाएं उनके घर पहुंचीं। इसमें से एक महिला उनके घर पर काम करने के लिए रुक गई जबकि एग्रीमेंट के आधार पर 20 हजार रुपये लेकर दूसरी महिला चली गई।
शेष 29,500 रुपये दो दिन बाद ऑनलाइन पेमेंट के जरिए दिए गए। कुछ देर बाद दवा खरीदने के बहाने नौकरानी बाहर गई और फिर नहीं लौटी। संपर्क करने की कोशिश की गई तो एजेंसी से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद जज के बेटे की ओर से सिविल लाइंस थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। जिसके आधार पर केस दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।