सहायक उप शिक्षा निदेशक विज्ञान, शिक्षा निदेशालय उत्तर प्रदेश के पद पर कार्यरत एवं पूर्व में बेसिक शिक्षा अधिकारी सोनभद्र के पद पर रह चुके शेख तजम्मुल हुसैन (एसटी हुसैन) को सेवा से बर्खास्तगी का आदेश जारी किया गया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी सोनभद्र के कार्यकाल के दौरान फर्जी रूप से स्थानांतरित तीन शिक्षकों को सचिव बेसिक शिक्षा परिषद से सत्यापन कराए बिना उनकी नियुक्ति करने, सात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों की अनियमित नियुक्ति किए जाने, मृतक आश्रित के पद पर अनियमित नियुक्ति सहित कई अनियमितताओं में प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर उनके खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।
एसटी हुसैन पर लगे आरोपों को लेकर संयुक्त शिक्षा निदेशक, इलाहाबाद मंडल को जांच अधिकारी बनाकर अनियमितता की जांच की गई। आरोपों पर उन्हें जांच कमेटी के सामने अपने साक्ष्य रखने का मौका मिला।
शासन की ओर से इस मामले में उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग से अनुमति मांगी गई थी। आयोग ने चार फरवरी 2020 को कार्रवाई के लिए सहमति प्रदान की। इसके बाद शासन की ओर से एसटी हुसैन के खिलाफ राज्यपाल की ओर से सेवा से निष्कासन का पत्र भेजा गया। बेसिक शिक्षा विभाग की अपर मुख्य सचिव रेणुका कुमार ने इसके बाद बर्खास्तगी का आदेश जारी कर दिया।