जिला कचहरी के पास स्थित डाकघर में हुए बवाल मामले में एक और मुकदमा दर्ज हुआ है। यह मुकदमा डाक विभाग की ओर से अज्ञात वकीलों के खिलाफ दर्ज कराया गया है। शनिवार को हुई घटना के बाद दो वकीलों ने लूट, मारपीट, फायरिंग का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई थी। कर्नलगंज थाने में तहरीर कचहरी डाकघर के पोस्टमास्टर विनोद कुमार श्रीवास्तव ने दी है। उनका आरोप है कि 27 अक्तूबर को डाकघर के काउंटर संख्या पांच पर एक वकील डाक सहायक शीतलाप्रसाद मिश्र से तुरंत रजिस्ट्री कराने की जिद कर रहे थे। डाक सहायक ने दो मिनट रुकने को कहा तो वकील भड़क गए और गालियां देने लगे।
इसके बाद अपने चार साथियों के साथ काउंटर के अंदर पहुंचकर डाक सहायक को पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि पोस्टमास्टर व पोस्टल सहायक भाष्कर नाथ तिवारी बचाने पहुंचे तो उन पर भी हमला बोल दिया गया। वकील भास्कर को घसीटकर बाहर ले जाने लगे। इसके बाद गार्ड भूपेंद्र व गोविंद आ गए और सबने मिलकर भास्कर को बचाया। इसी बीच चारों वकील अपने साथियों को बुलाने के लिए बाहर निकले, जिस पर डाककर्मियों ने भीतर से दरवाजा बंद कर लिया। आरोप है कि इसके बाद बड़ी संख्या में बाहर जुटे वकीलों ने तोड़फोड़ कर दी। बाहर खड़ी बाइकों में भी तोड़फोड़ की और दो बाइकों में आग लगा दी। पुलिस के पहुंचने पर डाककर्मियों की जान बच सकी। कर्नलगंज पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है।
घटना शनिवार दोपहर करीब 3.30 बजे हुई थी। कचहरी डाकघर में रजिस्ट्री करने गए अधिवक्ताओं व कर्मचारियों में विवाद हो गया था। बात इतनी बढ़ी कि मारपीट होने लगी। कचहरी में मौजूद अन्य अधिवक्ताओं को जानकारी मिली तो उन्होंने डाकघर घेर लिया। इसी दौरान कुछ लोगों ने डाकघर परिसर में रखे सामान उलट-पलट दिए, साथ ही बाइकों में तोड़फोड़ कर दो मोटरसाइकिलें आग के हवाले कर दीं। सूचना पर पहुुंची पुलिस ने किसी तरह मामला शांत कराया था। मामले में अधिवक्ता अभिषेक श्रीवास्तव व अमित कुमार निगम की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई थी। उन्होंने बंधक बनाकर मारपीट करने, नगदी व चेन लूटने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा लिखाया था।
कचहरी डाकघर में शनिवार को हुई आगजनी और बवाल के विरोध में इलाहाबाद और कौशाम्बी के 92 डाकघरों में सोमवार को हड़ताल रहेगी। रविवार को डाक विभाग कर्मचारी यूनियन की सभी शाखाओं के पदाधिकारियों की हुई आपात बैठक में यह निर्णय लिया गया। डाक कर्मियों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रधान डाक घर (जीपीओ) सिविल लाइंस परिसर में हुई बैठक में डाक सहायक की पिटाई की निंदा की गई। वक्ताओं ने कहा कि मारपीट और आगजनी करने वालों ने डाक कर्मियों के खिलाफ फर्जी रिपोर्ट दर्ज कराई। इससे कर्मचारियों में असुरक्षा की भावना घर कर गई है। शनिवार की घटना को काला अध्याय बताते हुए आल इंडिया पोस्टल इंपलाइज यूनियन, नेशनल पोस्टल इंपलाइज यूनियन और भारतीय मजदूर डाक कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों के साथ अन्य कर्मचारियों ने कार्रवाई की मांग करते हुए सोमवार को हड़ताल की घोषणा की। इस प्रस्ताव को सर्वसम्मति से पास किया गया। बैठक में यूनियन पदाधिकारी आशीष चटर्जी, आरपी सिंह, विश्वजीत समेत बड़ी संख्या में डाक कर्मचारी मौजूद रहे। यूनियन की ओर से इसकी सूचना विभागीय अधिकारियों को दी गई है।