बीते वर्षों के बकाया पारिश्रमिक भुगतान के लिए जिलों को भेजी गई धनराशि
पिछले वर्ष के मूल्यांकन के पारिश्रमिक का अभी तक भुगतान न होने की वजह से परीक्षकों में नाराजगी है। इस बीच यूपी बोर्ड के सचिव दिब्यकांत शुक्ल ने बीते वर्षों के बकाया पारिश्रमिक भुगतान के लिए धनराशि जिलों को आवंटित करने की जानकारी दी है।
कमांड एंड कंट्रोल रूम से होगी मूल्यांकन केंद्रों की निगरानी
मूल्यांकन केंद्रों की सख्त निगरानी कराई जाएगी। इसके लिए यूपी बोर्ड मुख्यालय के अलावा क्षेत्रीय कार्यालयों के कमांड एंड कंट्रोल रूम से भी मूल्यांकन की मॉनीटरिंग कराने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि मूल्यांकन में किसी तरह की गड़बड़ी को रोका जा सके।
मूल्यांकन केंद्रों पर मोबाइल ले जाने पर रोक, पकड़े जाने पर होगी सख्त कार्रवाई
जिले के नौ मूल्यांकन केंद्रों पर यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की कापियों का मूल्यांकन रविवार 16 मार्च को सुबह 10 बजे से होने जा रहा है। इसकी तैयारियां पूरी हो गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक पीएन सिंह ने आज सभी मूल्यांकन केंद्रों का औचक निरीक्षण करके तैयारियों को देखा और जरुरी सुझाव भी दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी परीक्षक मोबाइल नहीं ले जा सकेगा। पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई होगी। मूल्यांकन केंद्रों पर बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश भी प्रतिबंधित है। अगर कोई बाहरी व्यक्ति पकड़ा जाएगा तो उसको सीधे जेल भेजा जाएगा।
डीआईओएस पीएन सिंह ने बताया कि मूल्यांकन प्रतिदिन सुबह 10 बजे से शुरू होकर शाम पांच बजे तक चलेगा। जिन नौ मूल्यांकन केंद्रों पर बोर्ड की कापियां जांची जानी हैं, उनमें जीआईसी, एंग्लो बंगाली इंटर कॉलेज, केपी इंटर कॉलेज, क्रास्थवेट गर्ल्स इंटर कॉलेज, सीएवी, भारत स्काउट गाइड इंटर कॉलेज, अग्रसेन इंटर कॉलेज, कुलभास्कर इंटर कॉलेज और केसर विद्यापीठ इंटर मीडिएट कॉलेज शामिल हैंं।
डीआईओएस ने बताया कि मूल्यांकन के दौरान केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, बिजली, पेयजल, सफाई, प्रसाधन सहित अन्य व्यवस्थाएं रहेंगी। मानीटरिंग सीसीटीवी से होगी, जिससे कि किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न होने पाए। जांची गई कापियों की रैंडम चेकिंग होगी, जिससे कि मूल्यांकन के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी न होने पाए।